IRS Officer's Daughter Killed:IRS अधिकारी की बेटी की हत्या, मोबाइल चार्जर से घोंटा गला, नौकर फरार
राजधानी के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक वरिष्ठ आईआरएस (IRS) अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की उसके घर के अंदर ही नृशंस हत्या कर दी गई। मृतका इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद UPSC की तैयारी कर रही थी
राजधानी के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक वरिष्ठ आईआरएस (IRS) अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की उसके घर के अंदर ही नृशंस हत्या कर दी गई। मृतका 1997 बैच के एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी थी और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सेवा (UPSC) की तैयारी कर रही थी। घर की सुरक्षा के बीच हुई इस हत्या ने न केवल परिवार को झकझोर दिया है, बल्कि दक्षिणपूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके में कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दुष्कर्म की आशंका और क्रूरता
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात की भयावहता सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया गया था। अपराधी ने बेहद क्रूरता दिखाते हुए मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर युवती की जान ले ली। फॉरेंसिक टीमें और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर सबूत जुटाने में लगे हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि हो सके।
पुराने नौकर पर गहराया संदेह
शुरूआती तफ्तीश के दौरान पुलिस की शक की सुई घर के एक पूर्व नौकर की ओर घूम गई है। राजस्थान का रहने वाला यह नौकर करीब दो महीने पहले तक इसी घर में काम करता था, लेकिन उसके अनुचित व्यवहार के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह उसे अचानक अधिकारी के घर के पास देखा गया था, जिसके बाद से ही वह गायब है। पुलिस को संदेह है कि इसी रंजिश या गलत इरादे से उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की तलाश में छापेमारी
दिल्ली पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी के मूवमेंट को ट्रैक कर रही है। आरोपी के संभावित ठिकानों और उसके पैतृक निवास पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अपराधी को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।