ललन सिंह का महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष पर हमला, संसद में दे दी चेतावनी ‘लालू जैसा होगा हाल’

मुंगेर सांसद ललन सिंह ने महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्षी दलों को सुझाव देते हुए कहा है कि अगर विरोध किया तो आपका हाल भी लालू यादव की तरह हो जाएगा. जानिए पूरा मामला

Lalan Singh
Lalan Singh- फोटो : news4nation

Lalan Singh :  जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे इस विधेयक का विरोध जारी रखते हैं, तो उन्हें भी लालू प्रसाद यादव की तरह राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। महिला आरक्षण बिल समेत 3 संविधान संशोधन बिलों पर शुक्रवार को लोकसभा में दूसरे दिन भी चर्चा जारी है।


मुंगेर से सांसद ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान विपक्ष से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की थी। इसके बावजूद यदि विपक्ष विरोध करता है, तो इसका खामियाजा उसे लंबे समय तक भुगतना पड़ेगा।


उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने 2006 में पंचायत और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक फैसला लिया था। इतना ही नहीं, एकल पदों—जैसे जिला परिषद अध्यक्ष और सरपंच—में भी महिलाओं को आरक्षण दिया गया।


ललन सिंह ने कहा कि उस समय लालू प्रसाद यादव ने इस फैसले का विरोध किया था और आज तक उन्हें इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में महिलाओं का बड़ा वर्ग आज भी एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा है।


इसके साथ ही ललन सिंह ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि वे “इंडिया गठबंधन” के प्रभाव में न आएं और सावधान रहें, क्योंकि उनके साथ जाने वाले कई नेता राजनीतिक रूप से कमजोर हो चुके हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि हाल के बिहार विधानसभा चुनाव में 84 सीटों पर पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान करीब 10 प्रतिशत अधिक रहा और यह वोट एनडीए के पक्ष में गया।