दिल्ली का नया नाम होगा इंद्रप्रस्थ ! भाजपा सरकार ने शुरू की पहल, नया नाम से जुड़ा पुराना इतिहास
देश के कई शहरों का नाम बदलने के बाद अब दिल्ली में सत्तासीन भाजपा सरकार राष्ट्रीय राजधानी का नाम बदलने को लेकर पहल करने की तैयारी में है.
Renaming of Delhi : दिल्ली का नया नाम इंद्रप्रस्थ हो सकता है। राष्ट्रीय राजधानी के नाम बदलने को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ’ करने की मांग विधानसभा में उठाई गई है, जिसके बाद इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।
वज़ीरपुर से बीजेपी विधायक पूनम शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान यह मांग रखी। उन्होंने हाउस में स्पेशल मेंशन के जरिए कहा कि राजधानी का नाम इंद्रप्रस्थ करने से यह अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जड़ों से दोबारा जुड़ सकेगी।
पूनम शर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपील करते हुए कहा कि इस संबंध में विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाना चाहिए। उनका कहना था कि राष्ट्रीय राजधानी का नाम बदलना देश में “सांस्कृतिक पुनर्जागरण” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि ‘इंद्रप्रस्थ’ नाम देश के उस स्वर्णिम अतीत की याद दिलाता है, जब भारत को “सोने की चिड़िया” कहा जाता था। उनके अनुसार, यह नाम देश को एक नई सांस्कृतिक पहचान भी देगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी यह मुद्दा उठ चुका है। चांदनी चौक से जुड़े बीजेपी नेता प्रवीण खंडेलवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखने की पहल की थी। विधायक ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार का मानना है कि दिल्ली में आधुनिक विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति और परंपराओं का भी संरक्षण होना चाहिए।