Aadhaar Update: आधार कार्ड में नाम, पता या जन्मतिथि बदलना अब हुआ महंगा, जानिए UIDAI का नया नियम, अब चुकानी होगी इतनी रकम
Aadhaar Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार कार्ड से जुड़े अपडेट शुल्क को लेकर ताज़ा जानकारी साझा की है। अब आधार कार्ड में नाम, मोबाइल नंबर इत्यादि अपडेट कराने के लिए मोटी रकम चुकानी होगी।
Aadhaar Update: आज के समय में आधार कार्ड केवल एक पहचान पत्र नहीं,बल्कि हमारी डिजिटल पहचान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। चाहे बैंक खाता खुलवाना हो या सरकारी योजनाओं का लाभ लेना,आधार का अपडेट रहना बेहद जरूरी है। लेकिन, अगर आप अपने आधार में नाम,पता,जन्मतिथि या मोबाइल नंबर बदलने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
आधार कार्ड के नियम में बदलाव
दरअसल, UIDAI ने आधार अपडेट से जुड़े नियमों और फीस में बड़ा बदलाव किया है। अब आधार में किसी भी तरह के डेमोग्राफिक अपडेट के लिए आपको अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी होगी। पहले जिस काम के लिए कम शुल्क देना पड़ता था अब उसके लिए 75 रुपए का भुगतान करना होगा।
इसके लिए देना होगा 125 रुपए
UIDAI के अनुसार, आधार में बायोमेट्रिक जानकारी जैसे फिंगरप्रिंट, आईरिस या फोटो अपडेट कराने के लिए अधिकतम 125 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यह अपडेट खासतौर पर तब जरूरी होता है जब पुराना डेटा सही तरीके से काम नहीं कर रहा हो या बच्चों के आधार में उम्र के साथ बदलाव करना हो।
75 रुपए तक देना होगा शुल्क
वहीं बच्चों के लिए 5 से 17 वर्ष की आयु के बीच “Mandatory Biometric Update” एक निश्चित अवधि तक मुफ्त रखा गया है। हालांकि, तय समय सीमा के बाद यही सेवा शुल्क के साथ उपलब्ध होती है। पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज अपडेट कराने के लिए आधार केंद्र पर 75 रुपये का शुल्क देना होता है। लेकिन राहत की बात यह है कि myAadhaar Portal के जरिए ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट फिलहाल मुफ्त किया जा सकता है।
30 सितंबर तक बिना शुल्क मिलेगा लाभ
यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक बिना किसी शुल्क के उपलब्ध है। UIDAI ने नागरिकों को यह भी सलाह दी है कि आधार से जुड़ा कोई भी अपडेट केवल आधिकारिक वेबसाइट,ऐप या अधिकृत आधार केंद्र के माध्यम से ही कराएं। अनधिकृत एजेंटों या अनजान व्यक्तियों के जरिए सेवा लेने से धोखाधड़ी का खतरा हो सकता है।