सत्य निकेतन में भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में कई लोग दबे, चारो तरह मचा चीत्कार
दमकल विभाग को इमारत गिरने की सूचना करीब 1:30 बजे मिली थी। शुरुआत में पांच दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई थी, जबकि बाद की रिपोर्टों में आठ फायर टेंडर मौके पर तैनात किए जाने की बात कही गई है।
Building collapses: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, दमकल विभाग को इमारत गिरने की सूचना करीब 1:30 बजे मिली थी। शुरुआत में पांच दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने की जानकारी सामने आई थी, जबकि बाद की रिपोर्टों में आठ फायर टेंडर मौके पर तैनात किए जाने की बात कही गई है। बचाव दल मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
यह हादसा दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में शिव मंदिर के पास, मोती बाग क्षेत्र में हुआ। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।
बारिश के बीच हुआ हादसा
कुछ रिपोर्टों में बताया गया है कि दिल्ली में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है और इसी दौरान सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना हुई। हालांकि, इमारत गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और अधिकारियों की ओर से कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
बचाव अभियान के दौरान कम से कम एक व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, उसकी स्थिति और अन्य संभावित घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है।