बिहार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से की मुलाकात, बिहपुर में रिवर क्रूज़ और ट्रेनिंग सेंटर की मांग की

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की।इस दौरान उन्होंने भागलपुर जिले के 152-बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में रिवर क्रूज़ पर्यटन को लेकर मांग पत्र सौंपा.

बिहार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने केंद्रीय मंत्र
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से मिले मंत्री कुमार शैलेन्द्र- फोटो : नरोत्तम कुमार

Delhi/Patna : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री और असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भागलपुर जिले के 152-बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में रिवर क्रूज़ पर्यटन और अंतर्देशीय नौवहन कौशल अवसंरचना के विकास को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।


बिहपुर में पर्यटन और रोजगार की अपार संभावनाएं

मुलाकात के दौरान मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने केंद्रीय मंत्री का ध्यान गंगा नदी के किनारे बसे बिहपुर क्षेत्र की भौगोलिक और रणनीतिक स्थिति की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर स्थित होने के कारण बिहपुर में सतत पर्यटन, अंतर्देशीय जल परिवहन और बड़े पैमाने पर नए रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिसका सही उपयोग किया जाना बेहद जरूरी है।


क्रूज़ सर्किट और आधुनिक रिवरफ्रंट बनाने का अनुरोध

सौंपे गए पत्र में बिहार के मंत्री ने बिहपुर को गंगा नदी पर संचालित होने वाले लक्ज़री और बजट रिवर क्रूज़ सर्किट से जोड़ने का विशेष अनुरोध किया। इसके लिए उन्होंने आधुनिक रिवरफ्रंट अवसंरचना, यात्री जेट्टी, पर्यटक सुविधाएं और एक क्रूज़ टर्मिनल विकसित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस पहल से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, होटलों और बाजारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।


युवाओं के लिए सैटेलाइट प्रशिक्षण केंद्र की मांग

पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र के युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बिहपुर में अंतर्देशीय नौवहन एवं पोत संचालन हेतु एक सैटेलाइट प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का भी आग्रह किया। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को मशीनीकृत पोत संचालन, हाइड्रोग्राफी, नौवहन और समुद्री व्यवसायों से जुड़े उद्योग-प्रासंगिक कौशल सिखाए जाएंगे, जिससे देश-विदेश के बढ़ते जलमार्ग क्षेत्र में युवाओं को रोजगार मिल सके।


केंद्रीय मंत्री ने फिज़िबिलिटी स्टडी के दिए निर्देश

बिहार के पथ निर्माण मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से इन दोनों पहलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में फिज़िबिलिटी अध्ययन (संभाव्यता अध्ययन) कराने का निर्देश देने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इन प्रस्तावों पर बेहद सकारात्मक रुख दिखाया और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जारी कर दिया।

नरोत्तम की रिपोर्ट