दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला:अब दिल्ली से बिहार के लिए चलेंगी बसें,मास्टर प्लान तैयार

दिल्ली से बिहार और पड़ोसी राज्यों के बीच सफर करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली सरकार ने इंटर-स्टेट बस कनेक्टिविटी को लेकर अपना मास्टर प्लान तैयार कर लिया है।

Now buses will run from Delhi to Bihar master plan ready
अब दिल्ली से बिहार के लिए चलेंगी बसें,मास्टर प्लान तैयार - फोटो : news 4 nation

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने घोषणा की है कि दिल्ली परिवहन निगम (DTC) जल्द ही 17 अंतरराज्यीय रूटों पर 50 नई पर्यावरण-अनुकूल एसी बसें शुरू करने जा रहा है। 12 मीटर लंबी ये आधुनिक बसें न केवल प्रदूषण कम करने में मददगार होंगी, बल्कि यात्रियों को एक आरामदायक और किफायती सफर का अनुभव भी देंगी। सरकार का उद्देश्य दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना है।

अब दिल्ली से बिहार के लिए चलेंगी बसें

राजधानी में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि अब दिल्ली और बिहार के बीच भी सरकारी बसें चलाने की तैयारी है। परिवहन मंत्री ने बताया कि बिहार तक बस सेवा शुरू करने के लिए जल्द ही दोनों राज्यों के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया जाएगा। इससे छठ, दिवाली और अन्य त्योहारों के समय ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ से यात्रियों को निजात मिल सकेगी।

राज्यों के साथ कनेक्टिविटी: यूपी और हरियाणा के रूट शामिल

दिल्ली सरकार ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई शहरों के लिए भी बसों का विस्तार किया है। फिलहाल दिल्ली-सोनीपत, पानीपत और धारूहेड़ा जैसे रूटों पर इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। आने वाले समय में रेवाड़ी, करनाल, रोहतक, अलवर और जेवर जैसे रूटों को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा। यह कदम उन लोगों के लिए वरदान साबित होगा जो काम के सिलसिले में रोजाना दिल्ली से इन शहरों के बीच आवाजाही करते हैं।

धार्मिक पर्यटन पर जोर: कटरा से लेकर अयोध्या तक का सफर आसान

सरकार केवल व्यावसायिक रूटों पर ही नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष बस सेवाएं शुरू कर रही है। नई योजना के तहत दिल्ली से वैष्णो देवी (कटरा), खाटू श्याम और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बसें चलाई जाएंगी। इससे उन श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी जो ट्रेन में लंबी वेटिंग या टिकट न मिलने की समस्या से जूझते हैं।