तीन दिन से लापता 2 साल की मासूम की बंद बोरे में मिली लाश, पड़ोसी के घर से शव बरामद होते ही मचा कोहराम

त बच्ची की पहचान मझौलिया पंचायत के वार्ड नंबर-5 निवासी हबीब खान की दो वर्षीय पुत्री अनाया खातून के रूप में हुई है। परिजन और ग्रामीण पिछले तीन दिनों से बच्ची की तलाश कर रहे थे।

West Champaran Majhaulia Crime
West Champaran Majhaulia Crime - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया में दो साल की मासूम बच्ची अनाया खातून की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। तीन दिनों से लापता बच्ची का शव पड़ोसी के घर से बंद बोरे में बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृत बच्ची की पहचान मझौलिया पंचायत के वार्ड नंबर-5 निवासी हबीब खान की दो वर्षीय पुत्री अनाया खातून के रूप में हुई है। परिजन और ग्रामीण पिछले तीन दिनों से बच्ची की तलाश कर रहे थे। इस बीच पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा, जिसके आधार पर पड़ोस में रहने वाली अमरूल खान की पुत्री सबीना उर्फ शमी खातून को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।


पूछताछ के बाद पड़ोसी के घर से बरामद हुआ शव

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बच्ची के लापता होने के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ के दौरान तीसरे दिन बच्ची का शव घर में ही पड़े होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने पड़ोसी के घर से बंद बोरे में रखे शव को बरामद कर लिया।


शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम

दो साल की मासूम का शव मिलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बच्ची का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस अनाया की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परिवार तीन दिनों से उसकी तलाश कर रहा था, उसकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया।


घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बच्ची की मौत के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

आशिष कुमार की रिपोर्ट