दरभंगा में पिस्टल के साथ डांस का वीडियो वायरल, महिला गिरफ्तार, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

एक महिला के पिस्टल वाला वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है और बरामद पिस्टल किसकी है, महिला तक यह हथियार कैसे पहुंचा और क्या इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह का संबंध है जाँच जारी है

 dancing with pistol goes viral in Darbhanga
dancing with pistol goes viral in Darbhanga- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के दरभंगा जिले में सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ डांस का वीडियो बनाना एक महिला को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए घनश्यामपुर थाना पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके घर की तलाशी के दौरान एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिला को आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को घनश्यामपुर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक महिला हाथ में पिस्टल लेकर डांस करती दिखाई दे रही थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी सत्यता की जांच शुरू की। स्थानीय चौकीदारों से पहचान कराने पर महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी रामगुलाम यादव की पत्नी लाखो देवी के रूप में हुई।


इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिरसिया गांव स्थित महिला के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में रखे एक बक्से से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), एक अतिरिक्त मैगजीन और एक छोटे बैग से KF 7.65 कंपनी के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने सभी हथियार और कारतूस जब्त कर महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया।


बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर महिला की पहचान की गई थी। जांच के दौरान उसके घर से अवैध हथियार और कारतूस मिलने के बाद उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ घनश्यामपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी संख्या 151/25 दर्ज की गई है। अब यह भी जांच की जा रही है कि बरामद पिस्टल किसकी है, महिला तक यह हथियार कैसे पहुंचा और क्या इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह का संबंध है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या उनके साथ वीडियो बनाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे समाज में गलत संदेश भी जाता है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट