Bihar Crime: बिहार में गोलीकांड से सनसनी, अपराधियों ने युवक के कंधे में मारी गोली, पुलिस को कहानी में दिख रहा राज, जांच तेज
Bihar Crime:अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।...
Bihar Crime:अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वैशाली में बीती रात हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में दहशत और कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना क्षेत्र के हरौली बूढ़ी माई स्थान के समीप अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घायल की पहचान करताहां थाना क्षेत्र के घटारो गांव निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घटना के वक्त विक्रम हरौली बूढ़ी माई स्थान के पास बांध पर बनी एक झोपड़ी में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी और विक्रम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली उसके कंधे में लगी है।
वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 की टीम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच भेज दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस का रुख थोड़ा अलग नजर आ रहा है। जांच में जुटे अधिकारियों का कहना है कि घटना को लेकर परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों में काफी विरोधाभास है। यही वजह है कि पुलिस इस गोलीकांड को संदिग्ध मानकर हर पहलू से तहकीकात कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, विक्रम कुमार बाहर रहकर काम करता है और करीब एक महीने पहले ही अपने गांव लौटा था। ऐसे में अचानक उस पर हुए हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह किसी पुरानी अदावत का नतीजा है? क्या इसके पीछे कोई निजी या पारिवारिक रंजिश है? या फिर मामला कुछ और ही है, जिसे छिपाने की कोशिश की जा रही है?
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों को खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर गोली किसने चलाई और इसके पीछे मकसद क्या था। बहरहाल, इस रहस्यमयी गोलीकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार