T20 फाइनल के जुनून में खून, पीट-पीटकर हत्या से हड़कंप, परिवार में मातम
Bihar Crime: टी-20 फाइनल मैच देखने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते-देखते ऐसी हिंसा में बदल गया कि एक 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई।...
Bihar Crime: टी-20 फाइनल मैच देखने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते-देखते ऐसी हिंसा में बदल गया कि एक 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में क्रिकेट के रोमांच ने अचानक खूनी मोड़ ले लिया।
जानकारी के अनुसार रविवार की शाम गांव के कुछ युवक मोबाइल पर भारत-न्यूजीलैंड टी-20 फाइनल मैच देख रहे थे। मैच का रोमांच चरम पर था और हर गेंद पर माहौल गरमाया हुआ था। इसी दौरान भारत का एक विकेट गिरा तो वहां मौजूद एक किशोर ने जोर से हल्ला कर दिया। बस यहीं से माहौल में तल्खी घुल गई। दूसरे युवक को यह बात नागवार गुजरी और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गाली-गलौज और बहस ने देखते ही देखते झगड़े का रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में तमतमाए युवक ने 17 वर्षीय कुदन कुमार को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से कुदन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक मामला बेहद गंभीर हो चुका था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल कुदन को तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति बिगड़ती देख उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, लेकिन पटना ले जाते समय रास्ते में ही कुदन ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान जक्कोपुर, नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या 18 निवासी बृजकिशोर राय के पुत्र कुदन कुमार के रूप में हुई है। वहीं आरोपित युवक की पहचान 18 वर्षीय किसन कुमार के रूप में बताई जा रही है, जिसका घर मृतक के घर के पास ही है।
घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। क्रिकेट के जुनून से शुरू हुआ यह विवाद अब एक परिवार की जिंदगी पर हमेशा के लिए गम का साया छोड़ गया है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार