Bihar Crime: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, 20 लोगों ने 10 राउंड चलाईं गोलियां, दो घायल, इलाके में दहशत

Bihar Crime: बाइक सवार करीब 20 लोगों ने कथित तौर पर घुसकर जमकर उत्पात मचाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

Bihar Crime: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, 20 लोगों ने 10
ताबड़तोड़ फायरिंग - फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली जिले के महुआ में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। हरपुर गंगाराम गांव में बाइक सवार करीब 20 लोगों ने कथित तौर पर घुसकर जमकर उत्पात मचाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान करीब 10 राउंड गोलियां चलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी में एक महिला समेत दो लोग जख्मी हो गए। वारदात के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल कायम है।

जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत बुधवार सुबह जमीन को लेकर हुए विवाद से हुई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मिर्जानगर के कुछ लोगों के साथ उमाशंकर सिंह, शिव शंकर सिंह और अन्य लोगों का जमीन को लेकर विवाद हुआ था। सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हुई। हालांकि, उस वक्त मामला शांत हो गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि शाम होते-होते विवाद इतनी खौफनाक शक्ल ले लेगा।

पीड़ितों के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच लगभग 20 लोग बाइक से लाठी-डंडे लेकर गांव पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले एक गाय के साथ मारपीट की और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब 10 राउंड गोली चलने की आवाज से गांव में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।इस गोलीबारी में सुमित्रा देवी के बाजू में गोली लगी, जबकि देवेंद्र महतो के पैर में गोली लगी है। दोनों को एक-एक गोली लगने की बात सामने आई है। सुमित्रा देवी के पति का नाम शिव शंकर सिंह और देवेंद्र महतो के पिता का नाम महेश्वर महतो बताया गया है।

घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान, हथियारों और गोलीबारी के कारणों का पता लगा रही है।जमीन के एक विवाद का खुलेआम गोलीबारी तक पहुंच जाना इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार