इश्क, कत्ल और अब खुदकुशी की कोशिश, वैशाली केस में नया ट्विस्ट,गिरफ्तार देवर ने खुदकुशी की कोशिश से मचाया हड़कंप
Bihar Crime: इश्क में भाभी के कातिल साहिल ने पुलिस हिरासत में रहते हुए किसी पैकेट से जहरीला पदार्थ निकालकर खा लिया।
Bihar Crime: हाजीपुर से एक सनसनीखेज मोड़ सामने आया है, जहां पहले इश्क में कत्ल और अब हाजत में जहर का खेल पूरे मामले को और पेचीदा बना रहा है। वैशाली जिले के बेलसर थाना में अपनी कथित प्रेमिका भाभी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार युवक ने पुलिस हिरासत में ही जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिससे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी साहिल पटेल जो मौना विशनपुर गांव का रहने वाला है को पुलिस ने भाभी राधा कुमारी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इश्क और जुनून के इस रिश्ते में विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गर्भवती भाभी का गला घोंटकर कत्ल कर दिया। इस खूनी रिश्ते की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब आरोपी ने हाजत के भीतर जहर का दांव चल दिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस हिरासत में रहते हुए साहिल ने किसी पैकेट से जहरीला पदार्थ निकालकर खा लिया। जैसे ही पुलिस को इसकी भनक लगी, आनन-फानन में उसे लालगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत ठीक-ठाक बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने पुलिस व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।इस पूरे घटनाक्रम ने कातिल की मानसिकता और पुलिस कस्टडी की सुरक्षा दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हाजत के भीतर जहरीला पदार्थ कैसे पहुंचा? क्या यह प्री-प्लांड चाल थी या फिर किसी लापरवाही का नतीजा?
वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि आरोपी युवक को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था, जहां उसने अचानक कुछ खा लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया और अब उसकी हालत स्थिर है। परिवार के लोग भी उसके साथ मौजूद हैं।इससे पहले बेलसर थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने इलाके में खौफ का माहौल बना दिया था। राधा कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद जब पुलिस ने जांच की, तो इश्क के धागे सीधे देवर साहिल तक जा पहुंचे। दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद होने की बात सामने आई थी, जो इस खूनी अंजाम तक पहुंच गया।
अब यह मामला दोहरी क्राइम स्टोरी बन चुका है एक तरफ गर्भवती महिला का बेरहम कत्ल, दूसरी तरफ आरोपी की हाजत में आत्महत्या की कोशिश। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है, लेकिन इस केस ने साफ कर दिया है कि रिश्तों का जाल जब उलझता है, तो अंजाम अक्सर खौफनाक ही होता है।फिलहाल सभी की नजर अब पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी है क्या यह सिर्फ एक आवेश में किया गया अपराध है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है?
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार