शराबबंदी पर जाम का तमाचा, कोठे पर डांस के बीच चल रही थी महफिल, पुलिस की रेड में 3 महिला समेत चार गिरफ्तार
एक रेड लाइट एरिया स्थित कोठे पर डांस की महफिल के बीच कथित तौर पर शराब पार्टी चलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने शराबबंदी की हकीकत पर फिर सवाल खड़े कर दिए।...
Bihar Crime: बिहार में लागू शराबबंदी कानून को चुनौती देने वाले मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला उस वक्त सामने आया जब एक रेड लाइट एरिया स्थित कोठे पर डांस की महफिल के बीच कथित तौर पर शराब पार्टी चलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने शराबबंदी की हकीकत पर फिर सवाल खड़े कर दिए।
वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रेड लाइट इलाके में चल रहे एक डांस कार्यक्रम के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कमरे के भीतर शराब का सेवन किया जा रहा है और मेहमानों को शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस की एंट्री होते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर एक ग्राहक और तीन नर्तकियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार ग्राहक की पहचान वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर निवासी राकेश गिरी के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अपने साथ शराब लेकर कोठे पर पहुंचा था और डांस कार्यक्रम के दौरान शराब का सेवन कर रहा था। पुलिस का दावा है कि छापेमारी के समय उसके हाथ में शराब से भरा गिलास था, जबकि नर्तकियां उसे शराब परोस रही थीं।
महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान राकेश गिरी के बैग से प्रीमियम ब्रांड ब्लैक डॉग की दो शराब की बोतलें बरामद की गईं। हालांकि पुलिस को कमरे से कोई अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
दारोगा जूली कुमारी के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शराब पीने और परोसने के आरोप में ग्राहक समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराबबंदी के सख्त कानून के बावजूद आखिर प्रतिबंधित शराब की महफिलें कैसे सज रही हैं और कानून की आंखों में धूल झोंकने वालों तक शराब पहुंच कैसे रही है।