Bihar Crime:फेसबुक पर गाली-गलौज करना पड़ा भारी, बदमाशों ने घर में घुसकर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Bihar Crime: मामूली गाली-गलौज का विवाद इस कदर भड़क गया कि हथियारबंद बदमाशों ने घर पर चढ़कर युवक को गोली मार दी।...

Vaishali Facebook Abuse Turns Violent Man Shot at Home
बदमाशों ने घर में घुसकर युवक को मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के भोजपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां फेसबुक पर हुई तकरार ने खौफनाक शक्ल अख्तियार कर ली। बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में मामूली गाली-गलौज का विवाद इस कदर भड़क गया कि हथियारबंद बदमाशों ने घर पर चढ़कर युवक को गोली मार दी।

घटना बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव की है, जहां रविवार की देर शाम बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। जख्मी युवक की पहचान 25 वर्षीय अमित सिंह के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय संत सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं। गोली उनके दाहिने हाथ की कलाई के ऊपर लगी है।परिजनों के मुताबिक, पूरा बवाल फेसबुक पर पोस्ट की गई एक तस्वीर और उस पर हुई गाली-गलौज से शुरू हुआ। दो दिन पहले इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच ऑनलाइन बहस हुई थी, जो बाद में शांत भी हो गई थी। लेकिन अंदर ही अंदर सुलग रही रंजिश ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया।

जख्मी के भाई सुमित कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को ही आरोपी परशुराम सिंह ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उन्होंने थाना में नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। लेकिन इसके बावजूद आरोपियों का हौसला कम नहीं हुआ।रविवार शाम जब अमित सिंह अपने दरवाजे पर मौजूद थे, तभी परशुराम सिंह अपने साथियों गुड्डू सिंह, सुमन सिंह और अन्य बदमाशों के साथ वहां आ धमका। हालात बिगड़ते देख कुछ लोग छत की ओर भागे, लेकिन इसी बीच आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अमित सिंह को गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।मामले की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सोशल मीडिया की छोटी-सी चिंगारी कैसे असल जिंदगी में खून-खराबे की आग बन जाती है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार