मोतिहारी में बेखौफ अपराधियों का तांडव: किराना व्यवसायी से दिनदहाड़े 2 लाख की लूट, हथियार लहराते फरार हुए बदमाश
Bihar Crime : बिहार मे एकबार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए है। उन्हें पुलिस और कानून का कोई भय नही रह गया है। ताजा मामला मोतिहारी से सामने आया है, जहां अपराधियों ने दिन-दहाड़े एक किराना दुकान में घूसकर लूट की घटना को अंजाम दिया है...
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला केसरिया थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिसिया गश्त और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
घटना केसरिया थाना क्षेत्र के चकिया-केसरिया रोड स्थित लचका पुल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किराना व्यवसायी लालबाबू साह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी अचानक बाइक सवार अपराधियों ने वहां धावा बोल दिया। अपराधियों ने दुकान में घुसते ही व्यवसायी पर हथियार तान दिए और जान से मारने की धमकी देकर काउंटर में रखे 2 लाख रुपये लूट लिए।
हथियार के बल पर लूटपाट की इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बड़े आराम से अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते समय अपराधी हवा में हथियार लहरा रहे थे ताकि कोई उनका पीछा करने की हिम्मत न जुटा सके। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी मची रही।
घटना की सूचना मिलते ही केसरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी लालबाबू साह से घटना की पूरी जानकारी ली है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए दुकान और उसके आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों के भागने की दिशा और उनके हुलिए का सुराग मिल सके।
फिलहाल पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। हालांकि, व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस लूट ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
हिमांशु की रिपोर्ट