पटना में शिक्षक दंपति से लूटकांड का चंद घंटों में खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार

Bihar Crime : पटना पुलिस ने कुछ घंटो के अंदर ही राजधानी में शिक्षक दंपत्ति से लूट का खुलासा कर दिया है। लुटेरे दानापुर से चोरी की बाइक से आए थे। पुलिस ने 40 ग्राम सोने की चेन के साथ 'लाइनर' और 'खरीददार' को गिरफ्तार किया है...

पटना में शिक्षक दंपति से लूटकांड का चंद घंटों में खुलासा, चा
शिक्षक दंपति से लूटकांड का खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना पुलिस ने शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के समनपुरा इलाके में दिनदहाड़े नर्सिंग कॉलेज के शिक्षक दंपति से पिस्तौल के बल पर हुई लूट की वारदात का सफल उद्भेदन कर दिया है। घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल मुख्य आरोपी समेत कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पटना सेंट्रल एसपी सुश्री दीक्षा ने बताया कि पुलिस ने न केवल अपराधियों को दबोचा, बल्कि लूटी गई 40 ग्राम सोने की चेन भी बरामद कर ली है।


सीसीटीवी फुटेज से खुला राज 

3 मई को हुई इस वारदात के बाद सचिवालय सीडीपीओ-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच टीम ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, तो लुटेरों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान हुई। अनुसंधान में यह बात सामने आई कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल दानापुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की और गिरोह तक जा पहुंची।


छपरा से पटना तक फैला था नेटवर्क 

पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान पप्पू कुमार, राजेश पाल, आदित्य राज और संतोष दतू के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी पप्पू कुमार एक शातिर अपराधी है, जिस पर छपरा, दानापुर और पटना के विभिन्न थानों में लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। इस घटना में राजेश पाल ने 'लाइनर' की भूमिका निभाई थी, जिसने शिक्षक दंपति की गतिविधियों की रेकी की और लुटेरों को सटीक समय और स्थान की जानकारी उपलब्ध कराई।


आभूषण कारोबारी भी पुलिस की गिरफ्त में 

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सोने की चेन को ठिकाने लगाने के लिए आभूषण कारोबारियों से संपर्क किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आभूषण व्यवसायी आदित्य राज और संतोष दतू को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने लूटी हुई चेन खरीदी थी। पुलिस ने इनके पास से चोरी गई 40 ग्राम की चेन बरामद कर ली है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस ने लूट के माल को खपाने वाले नेटवर्क पर भी कड़ा प्रहार किया है।


फरार अपराधियों की तलाश जारी 

सेंट्रल एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़े कुछ अन्य अपराधियों के नाम भी सामने आए हैं, जो इस पूरी साजिश में शामिल थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल, पकड़े गए चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के शेष सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


अनिल कुमार की रिपोर्ट