महज 12 घंटे में युवती हत्याकांड का खुलासा : प्रेमी ही निकला कातिल, गला रेतकर की थी हत्या
Bihar Crime : सुपौल के चर्चित युवती हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। सबसे बड़ी बात यह है कि घटना को युवती के प्रेमी ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है....
Supaul : जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र में हुई एक चर्चित युवती हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतीश कुमार (पिता आनंद सदा), निवासी वार्ड संख्या-12, थाना जदिया, जिला सुपौल के रूप में हुई है, जिसने पुलिसिया पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
एसपी ने मीडिया को दी जानकारी
इस अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा सुपौल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरथ आरएस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 18 मई 2026 की रात राजेश्वरी थाना क्षेत्र में एक युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने खुद मौके का मुआयना किया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर मामले की वैज्ञानिक जांच के निर्देश दिए थे।
प्रेम प्रसंग और विवाद में वारदात
पुलिस के मुताबिक, मृतिका और आरोपी नीतीश कुमार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। हालांकि, हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद शुरू हो गया था। इसी कलह के कारण आरोपी ने युवती को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। घटना वाली रात नीतीश ने युवती को उसके घर के पास मिलने के लिए बुलाया, जहां दोनों के बीच फिर से तीखी कहासुनी हुई। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने पास रखे चाकू से युवती का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आगे टूटा आरोपी
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अपने खून से सने कपड़े भी बदल लिए थे। मामले की तह तक पहुंचने के लिए एसआईटी के साथ एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए। मृतिका के कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने पर पुलिस का शक नीतीश पर गहराया। हिरासत में लिए जाने के बाद वह बार-बार अपना बयान बदल रहा था, लेकिन जैसे ही पुलिस ने उसके सामने पुख्ता तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन रखी, वह टूट गया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल बरामद
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के घर पर सघन छापेमारी कर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, वारदात के वक्त पहनी गई खून लगी टी-शर्ट और मृतिका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इन सभी सामग्रियों को रासायनिक जांच के लिए एफएसएल भेजा जा रहा है। एसपी शरथ आरएस ने जांच टीम के आपसी तालमेल और त्वरित एक्शन की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट