सुपौल पुलिस ने तस्करी नेटवर्क का किया खुलासा : गांजा और पिस्टल के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

सुपौल पुलिस ने तस्करी नेटवर्क का किया खुलासा  : गांजा और  पि
गांजा और हथियार के साथ दो गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

SUPAUL : जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा, हथियार और भारी मात्रा में चोरी के सामान के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आज शुक्रवार को राघोपुर थाना परिसर में एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।


गुप्त सूचना पर गद्दी गांव में छापेमारी 

एसडीपीओ ने बताया कि बीते गुरुवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गद्दी गांव (वार्ड संख्या 12) में श्रवण साह के घर पर गांजा और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री चल रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही तीन लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों और महिला सिपाहियों ने सौरव कुमार और एक महिला को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि एक अन्य युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।


ट्रंक के नीचे छिपा था गांजा और हथियार 

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली, तो एक कमरे में रखे ट्रंक के नीचे से काले रंग की पॉलिथीन बरामद हुई। इसमें दो पैकेटों में भरा कुल 1480 ग्राम गांजा मिला। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक डिजिटल तराजू और 46,525 रुपये नकद भी बरामद किए। पुलिस इन पैसों को गांजा तस्करी से जुटाया गया मान रही है।


39 मोबाइल और बाइक बरामदचोरी का शक 

हैरानी की बात यह रही कि घर से पुलिस को 39 पुराने मोबाइल फोन और 8 घड़ियां भी मिली हैं। साथ ही बिना रजिस्ट्रेशन की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह न केवल गांजा तस्करी, बल्कि मोबाइल और बाइक चोरी के सिंडिकेट से भी जुड़ा हुआ है। एसडीपीओ ने बताया कि बरामद सामानों की जांच की जा रही है ताकि इनके असली मालिकों का पता लगाया जा सके।


चार पर प्राथमिकीफरार आरोपियों की तलाश जारी 

प्रारंभिक जांच में इस अवैध धंधे में अमरेंद्र साह और श्रवण साह की संलिप्तता भी पाई गई है। पुलिस ने कुल चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार सौरव और महिला को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी टीम में पुअनि अमिय प्रसुन्न, मुकुल आजाद, राजू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट