कैमूर में सनसनीखेज वारदात: नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार
कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपत्ति को महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है...
Kaimur : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया गया। शर्मनाक बात यह है कि इस पूरी वारदात में आरोपी पति का साथ उसकी पत्नी ने भी दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एकराम अंसारी और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम को वारदात के महज 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान की।
घर बुलाकर पिलाया नशीला पदार्थ, पत्नी बनाती रही वीडियो
मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बुधवार सुबह अनुमंडल कार्यालय में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पीड़ित महिला ने रामगढ़ थाने में एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। पीड़िता के मुताबिक, बीती 4 जून की शाम करीब 6 बजे रामगढ़ थाना अंतर्गत डरवन गांव निवासी एकराम अंसारी और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। वहां उसे धोखे से कोई नशीला पदार्थ पिला दिया गया, जिससे वह अचेत होने लगी।
होश खोने का उठाया फायदा, जबरन बनाए शारीरिक संबंध
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जब वह नशीले पदार्थ के असर से बेहोशी की हालत में आ गई, तो आरोपी एकराम अंसारी ने उसकी लाचारी का फायदा उठाया। उसने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घिनौने कृत्य के दौरान एकराम की पत्नी शाहिदा बेगम मूकदर्शक बने रहने के बजाय, अपने मोबाइल फोन से इस पूरी वारदात का वीडियो बनाती रही।
वीडियो वायरल करने की धमकी और धर्म परिवर्तन का दबाव
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दंपत्ति ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उन्होंने महिला को वह आपत्तिजनक वीडियो दिखाया और धमकी दी कि अगर उसने उनकी बात मानकर धर्म परिवर्तन नहीं किया, तो वे इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इस धमकी से सहमी पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पुलिस की शरण में जाने का फैसला किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पति का पुराना आपराधिक इतिहास
शिकायत मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया और रामगढ़ पुलिस ने जाल बिछाकर महज 4 घंटे के अंदर आरोपी दंपत्ति (एकराम अंसारी और शाहिदा बेगम) को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 150/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने यह भी खुलासा किया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी एकराम अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले दर्ज हैं।
देवव्रत की रिपोर्ट