अपना भाई और पत्नी ही निकले कातिल, बिहटा मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा

Bihar Crime : पटना के बिहटा मेंं पिछले दिनों हुए युवक की हत्या मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मृतक के छोटे भाई का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध उसकी मौत का कारण था। भाई और उसकी पत्नी ने मिलकर उसे मौत के घाट उतारा था...

अपना भाई और पत्नी ही निकले कातिल, बिहटा मर्डर केस का सनसनीखे
बिहटा मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में बीते 4 मई को हुई अनिरुद्ध कुमार की हत्या की गुत्थी को पटना पुलिस ने सुलझा लिया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में गठित एसआईटी ने इस सनसनीखेज मामले का सफल उद्भेदन करते हुए मृतक के छोटे भाई और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई है, उसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।


छोटे भाई और भाभी के बीच थे अवैध संबंध

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अनुसंधान के दौरान जब मृतक के छोटे भाई कुंदन कुमार से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। कुंदन ने बताया कि उसका अपनी भाभी निशु कुमारी के साथ निजी संबंध था। इस अवैध रिश्ते में अनिरुद्ध कुमार बाधक बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश रची और उसे अंजाम दिया।


साक्ष्य छुपाने के लिए कुएं में फेंका हथियार

4 मई की रात अनिरुद्ध को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नियत से कुंदन और निशु ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को एक कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुएं से हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल, मैगजीन और पीलेट बरामद कर लिया है।



एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से मिला न्याय

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दानापुर-2 और बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया था। इस टीम में करीब एक दर्जन पुलिस अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन दिनों के भीतर मामले का पटाक्षेप कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में 21 वर्षीय कुंदन कुमार और मृतक की पत्नी निशु कुमारी शामिल हैं, जिन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस टीम की हुई सराहना

बिहटा पुलिस की इस उपलब्धि पर वरीय अधिकारियों ने टीम की सराहना की है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष अमित कुमार के साथ पु0अ0नि0 बिकेश कुमार, राजू कुमार सिंह, अली शेख, सुजीत कुमार और भावना कुमारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मृतक की मां के आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अब आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट