पटना में सनसनीखेज वारदात: नवनिर्मित मकान से बरामद हुई युवक की लाश, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
पटना के बिहटा थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां शनिवार की रात से लापत युवक की लाश बरामद हुई है। अपराधियों ने युवक की बड़ी ही बेरहमी से हत्या की है। मृतक के चेहरे को पूरी तरह कुचल दिया गया है....
Patna : जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सदीसोपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सूने अर्धनिर्मित मकान से एक युवक की लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान नौबतपुर के गोनवा गांव निवासी अकबर अंसारी के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद चांद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक भी नशे का आदी थी। इस खौफनाक वारदात के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके के ग्रामीण दहशत में हैं।
साजिश के तहत घर से बुलाने का आरोप
मृतक के पिता अकबर अंसारी ने अपने बेटे के दोस्तों पर ही साजिश के तहत हत्या करने का सीधा और गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, मोहम्मद चांद शनिवार की रात को अपने कुछ दोस्तों के बुलाने पर अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान मोहम्मद चांद का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था, जिससे परिजनों की आशंका और गहरी हो गई।
पहचान छिपाने के लिए कुचला चेहरा
रविवार की सुबह स्थानीय पुलिस के जरिए परिजनों को सूचना मिली कि सदीशोपुर गांव के एक सुनसान नवनिर्मित मकान में एक युवक की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अपराधियों ने मोहम्मद चांद की बड़ी ही बेरहमी से हत्या की थी। साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से आरोपियों ने उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मृतक की बाइक भी अपने साथ लूट ले गए।
घटनास्थल पर मिला बंद मोबाइल फोन
चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारे वारदात के बाद मोहम्मद चांद की मोटरसाइकिल तो ले गए, लेकिन उसका बंद मोबाइल फोन शव के पास ही छोड़ गए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या किसी करीबी द्वारा धोखे से बुलाकर हत्या करने का प्रतीत हो रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
FSL टीम की जांच और पुलिस की छापेमारी
वारदात की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली जा रही हैं, ताकि आखिरी बार संपर्क में रहे लोगों की पहचान हो सके। संदिग्ध दोस्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
सुमित की रिपोर्ट