घर में घुसकर दबंगों का तांडव, युवक और महिलाओं की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Bihar Crime: बिहार में दबंगई का ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया।....
Bihar Crime: बिहार में दबंगई का ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। आपसी रंजिश ने अचानक जुर्म का ऐसा रूप ले लिया कि दबंगों ने एक शख्स को उसके ही घर से खींचकर सरेआम बेरहमी से पीट डाला। इस वारदात का वीडियो सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई और सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया।
सासाराम के नगर थाना इलाके के सागर मोहल्ले के पीड़ित दीपक केसरी के साथ हुई इस मारपीट में हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। दबंगों ने ना सिर्फ दीपक को निशाना बनाया, बल्कि उनके घर की महिलाओं तक को नहीं बख्शा। जब घर की औरतें उसे बचाने के लिए आगे आईं, तो उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाल दी, लेकिन हमलावरों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा था। दिनदहाड़े इस तरह की गुंडागर्दी ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी। सासाराम पुलिस ने मुख्य आरोपी श्यामा सोनकर उर्फ श्याना खटीक और उसके भतीजे अजय सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। बाकी चार मुल्जिमों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में कुछ हद तक सुकून जरूर लौटा है, लेकिन दहशत अभी भी कायम है।
मामले की तफ्तीश कर रहे एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है और बाकी आरोपियों को जल्द दबोचने का दावा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस पूरी वारदात के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर पुराना विवाद छिपा है, जिसने अब खूनी रूप ले लिया। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी श्यामा सोनकर को भी चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, सासाराम में इस गुंडाराज के खिलाफ पुलिस की सख्ती चर्चा में है अब देखना होगा कि बाकी फरार आरोपियों पर कब तक शिकंजा कसता है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार