Bihar Crime: नाले का पानी बहाने को लेकर दो भाइयों में खूनी संग्राम, बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग मां की मौत, गांव में कोहराम

Bihar Crime: मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक बेगुनाह बुजुर्ग महिला की जान चली गई।....

Sasaram Drain Dispute Turns Bloody Elderly Mother Killed
नाले का पानी बहाने को लेकर दो भाइयों में खूनी संग्राम- फोटो : reporter

Bihar Crime:  रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के कहुआरा गांव में मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक बेगुनाह बुजुर्ग महिला की जान चली गई। नाले का पानी निकालने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया और बीच-बचाव करने पहुंची 70 वर्षीय लक्ष्मीनिया कुंवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक दो चचेरे भाइयों के बीच पानी की निकासी को लेकर कहासुनी शुरू हुई। एक ओर नरेंद्र सिंह, तो दूसरी ओर राजू सिंह और सुजीत सिंह आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गाली-गलौज हाथापाई में बदल गई। घर के आंगन में हो रही मारपीट को देखकर नरेंद्र सिंह की मां लक्ष्मीनिया कुंवर बीच-बचाव के लिए दौड़ीं, लेकिन उसी दौरान उन्हें गंभीर चोट लग गई। चोट इतनी गहरी थी कि वह जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

लक्ष्मीनिया कुंवर स्वर्गीय दशरथ सिंह की पत्नी थीं। परिजनों के मुताबिक वह हमेशा परिवार को जोड़कर रखने की कोशिश करती थीं, मगर उसी कोशिश में उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि की है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो।

एक मामूली नाले के पानी का विवाद, जो बातचीत से सुलझ सकता था, वह खून-खराबे में बदल गया। गांव के लोग सदमे में हैं और सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रिश्तों की यह दुश्मनी किस मोड़ पर पहुंच गई, जहां एक मां को अपनी जान गंवानी पड़ी।

रिपोर्ट- रंजन कुमार