Bihar Crime: शाही सफर, महँगी शराब और काले लिबास में धंधेबाज मैडम, युवती के कारनामें से RPF भी हैरान
Bihar Crime: रेलवे पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए AC फर्स्ट क्लास में सफर कर रही एक 25 वर्षीय युवती को महंगी शराब के साथ हिरासत में लिया है...
Bihar Crime: वाह! क्या नजारा है! काले लिबास में सजी-धजी मोहतरमा, चेहरे पर बेफिक्री का आभामंडल और साथ में खाकी वर्दीधारी पुलिस का सुरक्षा कवच! पहली नजर में देखने वाला भ्रमित हो जाए कि , कोई कॉर्पोरेट अफसर पधार रही हैं या फैशन वीक की कोई नामचीन मॉडल उतर रही हैं। मगर जरा ठहरिए! यह किसी बॉलीवुड फ़िल्म की शूटिंग का दृश्य नहीं, बल्कि बिहार के समस्तीपुर जंक्शन का वो हाई-प्रोफ़ाइल सच है, जहाँ सादगी और मुफलिसी को पीछे छोड़ तस्करी ने भी अब फर्स्ट क्लास का रुख कर लिया है।

मामला नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली ट्रेन संख्या १२५६२ स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का है। ट्रेन के अति-विशिष्ट यानी AC फर्स्ट क्लास (कोच H-1, बर्थ संख्या 07) पर जब RPF की टीम ने गुप्त सूचना का चिराग जलाया, तो आँखें फटी की फटी रह गईं। आम तौर पर जहाँ तस्कर बेगूसराय या छपरा के पैसेंजर डिब्बों में बोरी-बिस्तर में देशी ठर्रा छिपाकर घबराते हुए सफर करते हैं, वहीं हमारे इन आधुनिक फनकारों ने सीधे VIP कोच को ही अपना गोदाम बना डाला।
जब RPF की टीम ने बर्थ की तलाशी ली, तो वहाँ कोई मामूली सामान नहीं, बल्कि आला दर्जे के सुरा-शौकीन' ब्रांड्स का पूरा जखीरा मयस्सर हुआ। कुल मिलाकर पूरे ७५ लीटर विदेशी मदिरा का जखीरा इस VIP कूपे से बरामद हुआ। सचमुच, बिहार में शराबबंदी के बीच इतना बड़ा और महँगा स्टॉक हैरत में डालता है
RPF की कस्टडी में आई इस रॉयल जोड़ी के नाम हैं—नेहा कुमारी (उम्र २५ वर्ष, निवासी समस्तीपुर) और उनके साथी इशान कुमार (उम्र ३१ वर्ष, निवासी करनाल, हरियाणा)। वाह! क्या अंतराज्यीय जुगलबंदी है! हरियाणा के ब्रांड की महक बिहार के समस्तीपुर तक पहुँचाने का यह अनूठा बिजनेस मॉडल वाक़ई किसी MBA की केस स्टडी में शामिल करने योग्य है।
अक्सर कहा जाता है कि शौक़ बड़ी चीज़ है, मगर जब शौक के साथ RPF का पाला पड़ता है, तो सारा ग्लैमर और रुतबा पल भर में हवा हो जाता है। जो मोहतरमा कुछ देर पहले AC की ठंडक में महँगी हसरतों के ख़्वाब बुन रही थीं, वे अब समस्तीपुर RPF थाने की बैरक में क़ानून के महकमे के तीखे सवालों का सामना कर रही हैं।
फ़िलहाल, RPF और पुलिस महकमा इस खोजबीन में पता किया जा रहा है कि दिल्ली के किन नामचीन गलियारों से यह शाही मय ख़रीदी गई और समस्तीपुर में किस VIP ग्राहक की प्यास बुझाने का इंतज़ाम था। ख़ैर, इस वाक़ये ने इतना तो साबित कर दिया कि बिहार में शराबबंदी चाहे कितनी भी सख़्त हो, तस्करों का क्लास दिन-ब-दिन निखरता जा रहा है!
रिपोर्ट- संजीव कुमार तरुण