Bihar train stone pelting: चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी, डेमू के इंजन पर हमला, लोको पायलट का सिर फूटा… रात के अंधेरे में बदमाश फरार

Bihar train stone pelting: बिहार के सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर एक बार फिर शरारती तत्वों की खौफनाक करतूत सामने आई है।...

Saharsa Stone Pelting on Moving Train
चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी- फोटो : reporter

Bihar train stone pelting: बिहार के सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर एक बार फिर शरारती तत्वों की खौफनाक करतूत सामने आई है। रात के सन्नाटे में चलती ट्रेन को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने इंजन पर ताबड़तोड़ पत्थरबाजी कर दी। इस दुस्साहसी वारदात में डेमू पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थरों की मार से इंजन का सामने का शीशा चकनाचूर हो गया और कांच के तेज टुकड़े लोको पायलट के सिर में जा धंसे। देखते ही देखते उनके सिर से खून बहने लगा और ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक 75262 सहरसा-पूर्णिया डेमू पैसेंजर ट्रेन मंगलवार की रात करीब 02:05 बजे सहरसा स्टेशन से रवाना हुई थी। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही ट्रेन करीब 02:20 बजे पालिटेक्निक रेलवे ढाला गेट नंबर 104 के पास पहुंची, अचानक अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने इंजन को निशाना बना लिया। सामने से जोरदार पत्थरबाजी शुरू हो गई। एक बड़ा पत्थर सीधे इंजन के शीशे पर आकर लगा, जिससे शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

टूटे हुए शीशे के कांच के टुकड़े सीधे लोको पायलट प्रदीप कुमार के सिर पर जा लगे। चोट इतनी जोरदार थी कि वे दर्द से छटपटाते हुए नीचे गिर पड़े। कुछ ही पलों में उनके सिर से खून बहने लगा और हालात बिगड़ते देख ट्रेन को तुरंत कारू खिरहरि रेलवे हाल्ट पर रोक दिया गया। ट्रेन करीब एक घंटे तक वहीं खड़ी रही।

ट्रेन में सवार यात्रियों के मुताबिक, सिर्फ इंजन ही नहीं बल्कि कुछ बोगियों की तरफ भी पत्थर फेंके गए थे। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि किसी यात्री को चोट नहीं लगी। लेकिन लोको पायलट इस हमले में बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के बाद घायल लोको पायलट को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। कुछ सूत्रों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन सिर में लगी चोट को गंभीर बताया जा रहा है।

उधर वारदात की खबर मिलते ही समस्तीपुर कंट्रोल रूम, रेल पुलिस (जीआरपी) और रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) में हड़कंप मच गया। सुरक्षाबल तुरंत मौके पर पहुंचे और पालिटेक्निक ढाला इलाके में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।