रोहतास में गेहूं के खेत में पुलिस ने अपराधी को मारी गोली, हाथ में लोडेड पिस्टल लिए भागते कातिल को पुलिस ने ऐसे दबोचा

Bihar Crime: मछली के मामूली विवाद में बेरहमी से कत्ल करने वाला मुजरिम जब खून से सनी पिस्टल लेकर भाग रहा था, तो पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में उसे गेहूं के खेतों में चारों तरफ से घेर लिया।

Rohtas Police shot a criminal in a wheat field
खेतों में पकड़म-पकड़ाई- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के रोहतास जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। संझौली के खैरा भुतहा गांव में मछली के मामूली विवाद में बच्चा पासवान का बेरहमी से कत्ल करने वाला मुजरिम रवीश लाल जब खून से सनी पिस्टल लेकर भाग रहा था, तो पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में उसे गेहूं के खेतों में चारों तरफ से घेर लिया।

वारदात की शुरुआत कल हुई, जब मछली पकड़ने जैसी छोटी सी बात पर रवीश लाल और बच्चा पासवान के बीच तकरार शुरू हुई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि रवीश ने आव देखा न ताव और अपनी पिस्टल निकालकर बच्चा पासवान पर गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही बच्चा पासवान की मौके पर ही मौत हो गई और इलाके में दहशत फैल गई। कत्ल करने के बाद रवीश लाल भाग खड़ा हुआ। वह पुलिस से बचने के लिए लहलहाते गेहूं के खेतों में छिपने की कोशिश कर रहा था। लेकिन रोहतास पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई। कई थानों की पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना खेतों में दौड़ रहे हैं। जब अपराधी रवीश लाल ने खुद को घिरते देखा, तो उसने पुलिस पर ही अपनी लोडेड पिस्टल तान दी। मंजर बेहद सनसनीखेज था एक तरफ मौत का सामान लिए अपराधी और दूसरी तरफ सीना ताने पुलिस के जांबाज। अपराधी ने बार-बार पुलिस को डराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के जवानों ने पीछे हटने के बजाय उसे चारों तरफ से घेर लिया। मौत सामने देख रवीश लाल के हौसले पस्त हो गए। पुलिस ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से लोडेड पिस्टल छीन ली और उसे जमीन पर पटक दिया।

अपने आप को चारों तरफ से घिरा देख रवीश लाल की हौसले पस्त हो गए और पुलिस ने उसे हथियार के साथ दबोच लिया। उसके पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस तथा एक खोखा भी बरामद हुआ है। इस संबंध में बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि पुलिस के जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए हथियारबंद अपराधी को खदेड़ कर पकड़ा है। बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने इस पूरे ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि हथियारबंद अपराधी को इस तरह खदेड़कर पकड़ना जवानों की बहादुरी का सबूत है। पुलिस ने न केवल एक क्रूर हत्यारे को सलाखों के पीछे भेजा, बल्कि एक बड़ी अप्रिय घटना को भी टाल दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

रिपोर्ट- सोनू सिंह