रोहतास हत्याकांड पर तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर हमला, 'कानून-व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद’
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में सप्ताह बुधवार सुबह मजदूर चंदेश्वर चौधरी की कथित हत्या के बाद उपजे विवाद में अब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की एंट्री हो गई है, वह शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने गये हैं.
Bihar News : बिहार में अपराध को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को रोहतास के दिनारा के योगिया गांव के लिए रवाना हुए, जहां मजदूर चंदेश्वर चौधरी की कथित हत्या के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर निशाना साधा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और उन्हें आर्थिक सहायता भी देंगे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि हत्या के मामले में अपराधियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मजदूरी मांगने गए एक पिछड़े परिवार के व्यक्ति की हत्या कर दी गई। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जब से सम्राट चौधरी की सरकार बनी है, तब से बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में पुलिस व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तेजस्वी यादव ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार को सरकार ने बर्बाद कर दिया है। उनके मुताबिक, राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकारी कर्मचारियों को वेतन तथा पेंशन मिलने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार को आर्थिक मोर्चे पर भी घेरा।
‘दिल्ली से चल रही बिहार की सरकार’
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की सरकार पटना से नहीं बल्कि दिल्ली से चल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘रबर स्टांप’ बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के मुख्यमंत्री स्वतंत्र रूप से निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
क्या है रोहतास के योगिया गांव का मामला?
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में सप्ताह बुधवार सुबह मजदूर चंदेश्वर चौधरी की कथित हत्या के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गांव के ही अजीत तिवारी ने चंदेश्वर चौधरी को मजदूरी के सिलसिले में अपने दलान पर बुलाया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। देखते ही देखते मामला हिंसा और आगजनी तक पहुंच गया। आक्रोशित लोगों ने कथित तौर पर आरोपी के दलान और परिसर में तोड़फोड़ की। आरोप है कि परिसर में मौजूद डीजल का इस्तेमाल कर दलान में आग लगा दी गई। इसके अलावा वहां खड़ी कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। बिक्रमगंज डीएसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। रोहतास पुलिस के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब हत्या की वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
रंजन की रिपोर्ट