Bihar Crime: डबल मर्डर से सनसनी, लिव-इन में रह रहे पुरुष-महिला की गोली मारकर हत्या

Bihar Crime: घर में घुसकर एक पुरुष और महिला की हत्या कर दी गई। दोनों पिछले कई वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। ...

Rohtas Double Murder Live in Couple Killed Inside Their Home
डबल मर्डर से सनसनी- फोटो : reporter

Bihar Crime: रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा में देर रात घर में घुसकर एक पुरुष और महिला की हत्या कर दी गई। दोनों पिछले कई वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मृतकों की पहचान मणि भूषण कुमार और ननकी देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों एक साथ रहते थे। देर रात हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर दोनों को निशाना बनाया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया और दोनों की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या में इस्तेमाल हथियार और अपराधियों की पहचान को लेकर भी छानबीन की जा रही है।प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या है और इस दोहरे हत्याकांड को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

पुलिस मृतकों के पुराने विवाद, आपसी रंजिश और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे संभावित CCTV कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।दो लोगों की एक साथ हत्या से बेदा इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक हत्यारों तक पहुंचती है और इस सनसनीखेज डबल मर्डर के पीछे की असली वजह सामने आती है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार