Crime News: विधायक के बेटे के अपहरण की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में शराब पीने का मामला आया सामने!

Crime News: विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरव के कथित अपहरण की सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस को दूसरा हीं मामला पता चला...

Ranchi MLA Son Kidnap Claim Turns Into Student Brawl Case
विधायक के बेटे ने पी थी शराब!- फोटो : reporter

Crime News: झारखंड के चतरा से लोक जनशक्ति पार्टी (R) के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरव के कथित अपहरण की सूचना मिलने के बाद सोमवार को रांची पुलिस में हड़कंप मच गया। विधायक की ओर से पुलिस को फोन कर बताया गया कि उनके बेटे को एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के गेट के पास से किडनैप कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन शुरू की।

हालांकि, शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने अपहरण की बात से अलग तस्वीर सामने आने की बात कही है। रांची के एसपी पारस राणा के मुताबिक, अब तक की जांच में मामला दो छात्र गुटों के बीच विवाद और मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर हुई थी और विवाद के दौरान शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, सौरव अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त ने उसी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले दूसरे छात्र को फोन किया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते गाली-गलौज और बहस बढ़ गई। इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ और लोग भी मौके पर पहुंच गए और दोनों गुटों के बीच फिर विवाद हुआ।

मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सौरव को एक गाड़ी में बैठाकर आसपास के इलाके में ले जाया गया। एसपी के अनुसार, उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे विधानसभा के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों की पहचान कर ली है।

पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जबकि घटना के बाद फरार हुए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के दौरान शराब के सेवन की पुष्टि के लिए पुलिस दोनों पक्षों के लोगों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराई गई है। मारपीट करने वाले छात्रों के एक ग्रुप ने सौरभ को 2 घंटे के लिए गायब कर दिया था। पुलिस ने सौरभ को सकुशल बरामद किया। ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की पुष्टि हुई।

एसपी पारस राणा ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस के अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर मामला मुख्य रूप से छात्रों के बीच हुई मारपीट का लग रहा है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मारपीट के बाद सौरव को गाड़ी से ले जाने और विधानसभा के पास छोड़ने के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ।