Patna Crime: पटना में 150 रुपये के विवाद में मर्डर, कैंची से ताबड़तोड़ वार कर वार्ड सदस्य का कत्ल, इलाके में दहशत
Patna Crime: पटना में मामूली रकम के विवाद ने खौफनाक शक्ल अख्तियार कर ली। ...
Patna Crime: पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र में मामूली रकम के विवाद ने खौफनाक शक्ल अख्तियार कर ली। अख्तियारपुर मझौली पंचायत के वार्ड संख्या-11 के सदस्य 55 वर्षीय करीमन साव की मंगलवार देर रात करीब एक बजे कैंची से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त वह जमालपुर गांव स्थित अपनी किराना दुकान में सो रहे थे। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
150 रुपये के विवाद में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी विकास कुमार से करीमन साव ने साफ-सफाई का काम कराया था। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर 150 रुपये की मांग कर रहा था। इसी रकम को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी में भी इस विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि, हत्या की असल वजह और वारदात के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
आधी रात दुकान खुलवाकर कैंची से ताबड़तोड़ वार
बताया जाता है कि मंगलवार की देर रात करीमन साव अपनी दुकान के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने दुकान का दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही उसने करीमन साव पर कैंची से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए और काफी खून बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची बिक्रम थाना पुलिस ने घायल वार्ड सदस्य को तत्काल दतियाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महज कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास कुमार को महजपुरा गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से नौबतपुर थाना क्षेत्र के कोरावा गांव का निवासी बताया गया है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से बिक्रम के जमालपुर गांव में रह रहा था।स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि विकास नशे का आदी है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती। ग्रामीणों के मुताबिक, वह गांव के अलग-अलग मंदिरों में सोता था और लोगों से मांगकर अपना गुजारा करता था। हालांकि, आरोपी की मानसिक स्थिति और नशे की आदत को लेकर आधिकारिक चिकित्सकीय पुष्टि सामने नहीं आई है।
AIIMS भेजा गया शव, FSL जुटा रही साक्ष्य
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह समेत तमाम पहलुओं की तफ्तीश में जुटी है।इस वारदात के बाद मृतक की पत्नी देवकुमारी देवी समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। अब पुलिस की जांच से ही स्पष्ट होगा कि 150 रुपये का कथित विवाद इस खौफनाक वारदात की असल वजह था या इसके पीछे कोई दूसरी रंजिश भी थी।
रिपोर्टर - ऋषिकेश