Patna Teacher Murder: पटना में शिक्षिका हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में हुआ था कत्ल, प्राचार्य समेत कई पर FIR
Patna Teacher Murder: महिला शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की धारदार हथियार से की गई हत्या के मामले में पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है।
Patna Teacher Murder: पटना कैलूचक मोहल्ले में बीते मंगलवार की देर रात 46 वर्षीय महिला शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की धारदार हथियार से की गई हत्या के मामले में पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। मृतका के पति ने इस मामले में शिक्षिका के विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ब्रजेश कुमार, उनकी सरहज, सरहज के पुत्र, पूर्व किराएदार मंटू सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वारदात के बाद सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका पुनपुन प्रखंड के सहवाजपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं। बुधवार को कैलूचक स्थित उनके घर से उनका शव बरामद किया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की तो पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े कई पहलू सामने आए।
मृतका के पति ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ब्रजेश कुमार का घर में आना-जाना था। इसी को लेकर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। आरोप है कि ब्रजेश कुमार की सरहज, उसके पुत्र और पूर्व किराएदार मंटू सिंह महिला शिक्षिका को मोबाइल पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज करते थे और जान से मारने की धमकी भी देते थे।मंटू सिंह का भी शिक्षिका के घर आना-जाना बताया गया है। पति का आरोप है कि मंगलवार देर रात आरोपितों ने मिलकर शिक्षिका की हत्या कर दी और गोदरेज में रखे गहने लेकर फरार हो गए।
एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि नामजद आरोपितों में कुछ लोगों द्वारा प्रेम प्रसंग की वजह से महिला शिक्षिका की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
सबसे अहम सवाल यह था कि घर बंद होने के बावजूद आरोपित अंदर कैसे दाखिल हुए। इस पर एसडीपीओ ने बताया कि आरोपितों के पास मकान की चाबी भी रहती थी। इसी चाबी से कमरे का ताला खोलकर उनके घर में प्रवेश करने और शिक्षिका की हत्या करने की बात सामने आई है।फिलहाल सभी नामजद आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।