Khan Sir: खान सर पर धमकी देने का आरोप, SSP कार्यालय पहुंची शिकायत, SDPO को सौंपी गई जांच

Khan Sir: खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैसल खान उर्फ खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पटना SSP कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है।इसकी जांच एसडीपीओए करेंगे....

Serious Allegations Against Khan Sir
खान सर पर धमकी देने का आरोप- फोटो : social Media

Khan Sir

पटना के शिक्षा जगत से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। 'खान ग्लोबल स्टडीज' के निदेशक और मशहूर शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  दफ्तर में एक शिकायती अर्जी दाखिल की गई है। शिकायतकर्ता निखिल कुमार उर्फ रंजीत कुमार सिंह ने खान सर पर  विश्वासघात, जालसाजी , अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन इल्जाम लगाए हैं।

शिकायतकर्ता निखिल कुमार का दावा है कि उन्होंने साल 2019 में तकरीबन 50 लाख रुपये का निवेश लगाकर एक कोचिंग सेंटर कायम किया था। उनका आरोप है कि वर्ष 2019 में ही उनके इस संस्थान पर जबरन और गैर-कानूनी ढंग से कब्जा जमा लिया गया। निखिल के मुताबिक, इस कथित कब्जे के सबब उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठाना पड़ा और साथ ही दिमागी व मानसिक आजमाइशों से गुजरना पड़ा।

SSP दफ्तर में पेश की गई अर्जी में निखिल कुमार ने यह सनसनीखेज दावा किया है कि उन्हें 25 जून 2026 से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने अपनी जान-माल को गंभीर खतरा बताते हुए महकमे से अपनी हिफाजत  की इल्तजा की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से गुजारिश की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष के जांच की जाए और कसूरवार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अंजाम दी जाए। अपने दावों की समर्थन में निखिल ने पुलिस के सामने जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य  पेश करने की बात कही है।

मामले की नजाकत और संगीनी को देखते हुए पटना SSP दफ्तर ने इस पूरे मामले की तफ्तीश का जिम्मा SDPO (सिटी-01) को सौंपा है। जांच अफसर अब तमाम इल्ज़ामात की बारीकी से छानबीन करेंगे। इस तफ्तीश के तहत हुकूमती अफसरान मुख्य रूप से तीन अहम पहलुओं की पड़ताल करेंगे-माली लेन-देन और कागजात: 50 लाख रुपये के निवेश से जुड़े बैंक लेन-देन और कागजी सुबूत। कोचिंग सेंटर की असल मलकियत किसके नाम थी और 2019 में कब्जे की हकीकत क्या थी।

 पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है । बहरहाल तफ्तीश पूरा होने और खान सर के पक्ष का बयान आने के बाद ही इस पूरे वाकये की असल हकीकत पूरी तरह से साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार