Patna Crime:पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल, DJ की धुन पर भड़की दुश्मनी, शादी बना जंग का मैदान

Patna Crime: पटना में शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर उठा मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।...

Patna Rapid firing feud at wedding leaves one injured
डीजे डांस पर चली गोलियां- फोटो : social Media

Patna Crime:  शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर उठा मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामला राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के केवटी गांव का है, जहां गोलीबारी में एक शख्स गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, घोसवरी प्रखंड के इस इलाके में एक साथ चार शादियां हो रही थीं। जश्न का माहौल था, लोग ब्रह्मस्थान पर इकट्ठा होकर DJ की धुन पर झूम रहे थे। लेकिन इसी दौरान छेड़खानी के इल्जाम को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तकरार से टकराव और फिर खूनी संघर्ष में बदल गई।

हालात इतने बिगड़ गए कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों के साथ अवैध हथियार निकाल लिए और हमला बोल दिया। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इसी बीच अचानक गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग की गई, जिससे मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

इस खूनी झड़प में मौली महतो नाम के व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। घायल को पहले पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत को देखते हुए उसे बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की नजाकत को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स और SDPO तुरंत मौके पर पहुंच गए। इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल काबू में बताई जा रही है।

SDPO-1 रामकृष्णा के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है और एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी गुनहगार को बख्शा न जाए। फिलहाल पुलिस उपद्रवियों की पहचान में जुटी है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अमन-चैन बनाए रखने की अपील की है, लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है क्या अब शादियां भी सुरक्षित नहीं रहीं?