Bihar EOU Raid Action: न गैलेंट्री अवॉर्ड विजेता SDPO गौतम कुमार के ठिकानों से काली कमाई का खजाना बरामद, 25 प्लॉट के साथ महिला मित्र के नाम प्लॉट, 60 लाख के गहने और कैश बरामद

Bihar EOU Raid Action: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई की रेड ने एक बड़े पुलिस अफसर की काली कमाई का चिट्ठा खोल दिया है।

Patna Gallantry Awardee
खाकी के पीछे छुपी अकूत दौलत- फोटो : social Media

Bihar EOU Raid Action: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई की रेड ने एक बड़े पुलिस अफसर की काली कमाई का चिट्ठा खोल दिया है। किशनगंज के SDPO और गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित गौतम कुमार अब ‘जांच के घेरे’ में हैं। EOU की तफ्तीश में सामने आया है कि उन्होंने अपनी आमदनी से करीब 61 फीसदी ज्यादा संपत्ति खड़ी कर ली।

कोर्ट से वारंट मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई  की टीम ने ASP के नेतृत्व में गौतम कुमार के 6 ठिकानों पर एक साथ ‘छापा’ मारा। इस दौरान पूर्णिया स्थित उनके आलीशान घर से 25 प्लॉट के कागजात बरामद हुए, जो अलग-अलग नामों पर खरीदे गए थे। इसके अलावा बीमा और अन्य वित्तीय संस्थानों में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले, जिनकी ‘परतें’ अब खंगाली जा रही हैं।

तलाशी में सामने आया कि उनका पूर्णिया स्थित घर करीब 3600 स्क्वायर फीट में बना चार मंजिला ‘महल’ है, जिसकी कीमत लगभग ढाई करोड़ रुपए आंकी गई है। मकान निर्माण में हुए एक करोड़ से ज्यादा के भुगतान के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही महंगी घड़ियां और लग्जरी गाड़ियां क्रेटा और थार भी टीम को मिलीं।

आर्थिक अपराध इकाई  को यह भी सुराग मिला है कि गौतम कुमार पटना में एक नर्सिंग होम खोलने की तैयारी कर रहे थे। उनकी ससुराल में छापेमारी के दौरान पत्नी रूबी कश्यप के पास से सोने के गहने और निवेश के कागजात बरामद हुए, जिनकी कीमत का आकलन जारी है।

मामले में सह-अभियुक्त और उनकी करीबी महिला मित्र शगुफ्ता शमीम के घर से भी राज खुले हैं। वहां से प्लॉट के कागजात और करीब 60 लाख रुपए के सोने के जेवर बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया कि गौतम कुमार ने उनके बैंक खाते में नकद जमा और ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।आर्थिक अपराध इकाई  की जांच में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में चाय बागान, नोएडा और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी निवेश की ‘कड़ियां’ भी जुड़ रही हैं। साथ ही कोयला, शराब, एंट्री और लॉटरी माफियाओं से ‘सांठगांठ’ की भी बात सामने आई है। फिलहाल, आर्थिक अपराध इकाई इस पूरे संपत्ति साम्राज्य की गहराई से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस में और भी बड़े ‘खुलासे’ होने के संकेत हैं।