पटना में दिनदहाड़े बदमाशों ने बरसाई गोलियां, IGIMS अस्पताल के पास फायरिंग से मचा हड़कंप
फायरिंग की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
Firing in Patna : राजधानी पटना में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में बेली रोड स्थित IGIMS अस्पताल के पास न्यू अंशिका मेडिको को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार बदमाशों का एक समूह न्यू अंशिका मेडिको के पास पहुंचा। दुकान में मौजूद कर्मचारियों के साथ पहले बदमाशों ने मारपीट की और उन्हें धमकी दी। इसके बाद दहशत फैलाने के इरादे से दुकान को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
दुकान के संचालक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि करीब 6 से 7 की संख्या में बदमाश आए थे। उन्होंने उनके स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकी देने के बाद फायरिंग की। दुकानदार के मुताबिक, बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि “तुम IGIMS में काम करते हो, मुझे भी करने दो, नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी।”
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने मेडिकल स्टोर को ही क्यों निशाना बनाया और फायरिंग के पीछे की वजह क्या थी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।