Patna Crime: अदालत में गवाही देने पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर, बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़ अटैची ले उड़े बदमाश

Patna Crime: पटना सिविल कोर्ट में गवाही देने पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर की कार को बदमाशों ने निशाना बनाकर अटैची चोरी कर ली।...

Patna Drug Inspector
शीशा तोड़ अटैची ले उड़े बदमाश- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना सिविल कोर्ट में गवाही देने पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर की कार को बदमाशों ने निशाना बनाकर अटैची चोरी कर ली। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे अशोक राजपथ स्थित पिलर नंबर 13 के पास की बताई जा रही है। मामले को लेकर पीड़ित ने पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के मुताबिक, जहानाबाद में पदस्थापित ड्रग इंस्पेक्टर संजीव कुमार शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में एक मामले में गवाही देने पहुंचे थे। कोर्ट परिसर के आसपास वाहन खड़ा करने की जगह नहीं मिलने के कारण उन्होंने अपनी कार अशोक राजपथ में पिलर नंबर 13 के समीप पार्क कर दी और गवाही देने के लिए अदालत चले गए।

गवाही पूरी करने के बाद जब संजीव कुमार वापस अपनी कार के पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। कार का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखी अटैची गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पीरबहोर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

संजीव कुमार के अनुसार, चोरी हुई अटैची में सरकारी दस्तावेज और एक सिम कार्ड रखा था। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने कार में अटैची देखकर उसे कीमती सामान या नकदी से भरा समझ लिया होगा और इसी लालच में वारदात को अंजाम दिया।

पीरबहोर थानेदार राज कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

अनिल की रिपोर्ट