Patna crime: रक्षाबंधन से पहले बहन की मौत का बदला लेने के लिए बरसाईं गोलियां! फायरिंग कांड के रंजिश का खुलासा

Patna crime: भाई को शक था कि बहन की मौत में उसके देवर की भी भूमिका थी।इसी कथित संदेह और बदले की भावना ने वारदात की पटकथा तैयार की।...

Patna Bikram Firing Case Solved Family Feud Behind Attack Po
बहन की मौत का बदला!- फोटो : social Media

Patna crime: पटना के बिक्रम क्षेत्र स्थित उदरचक गांव में दलान पर सो रहे अमित कुमार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद और बदले की भावना सामने आई है। पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी धनरुआ थाना क्षेत्र निवासी कौशल कुमार बताया जा रहा है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर अमित कुमार पर गोलीबारी की।पुलिस जांच के मुताबिक, कौशल कुमार की बहन की वर्ष 2025 में दहेज विवाद के चलते मौत हुई थी। इस मामले में उसकी बहन का पति धर्मेंद्र फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, कौशल को शक था कि उसकी बहन की मौत में उसके देवर अमित कुमार की भी भूमिका थी।इसी कथित संदेह और बदले की भावना ने वारदात की पटकथा तैयार की। पुलिस का कहना है कि कौशल ने अमित से बदला लेने की योजना बनाई और अपने साथियों के साथ मिलकर देर रात फायरिंग की।

दलान पर सो रहे अमित पर ताबड़तोड़ फायरिंग

वारदात मंगलवार, 25 अगस्त की देर रात की है। अमित कुमार गांव में अपने दलान पर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमले में अमित को चार गोलियां लगीं।फायरिंग की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। देर रात हुई गोलीबारी के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल अमित कुमार को इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मौके से हथियार और कारतूस के सबूत बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। छानबीन के दौरान पुलिस ने मौके से देसी कट्टे की एक गोली और एक खोखा, पिस्टल के तीन खोखे, चार जिंदा कारतूस और पिलेट्स बरामद किए हैं।बरामदगी के बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियारों और गोलीबारी के तरीके को लेकर भी जांच तेज कर दी है। पुलिस का मानना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य आरोपियों तक पहुंचने में अहम साबित हो सकते हैं।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित

पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल कुमार की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी की जा रही है। साथ ही वारदात में उसके साथ शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी पारिवारिक रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।एक पारिवारिक त्रासदी के बाद उपजे शक ने कथित तौर पर बदले की आग को जन्म दिया और आखिरकार एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला हो गया। अब पुलिस के सामने चुनौती मुख्य आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर फायरिंग की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने की है।