Bihar Hooch Death: 30 सेकेंड में चार मौत, शराब थी या मौत का केमिकल? पेट में चीरा लगते हीं खुला जहरीली शराब का राज

Bihar Hooch Death: पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में 30 अगस्त की रात हुई चार मौतों ने बिहार की शराबबंदी व्यवस्था से लेकर जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क तक को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ...

Patna 4 Dead in 30 Secs Liquor or Poison
शराब थी या मौत का केमिकल? - फोटो : social Media

Bihar Hooch Death: पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में 30 अगस्त की रात हुई चार मौतों ने बिहार की शराबबंदी व्यवस्था से लेकर जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क तक को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव में एक साथ चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचते-पहुंचते चारों की मौत हो गई। सबसे सनसनीखेज बात यह सामने आई है कि पोस्टमार्टम के दौरान शवों से केमिकल मिली शराब जैसी गंध आने की बात डॉक्टरों ने बताई है। मौत इतनी तेजी से हुई कि पूरा मामला किसी खतरनाक जहर के असर जैसा प्रतीत हो रहा है।घटना 30 अगस्त 2026 की है। बाढ़ थाना पुलिस को सूचना मिली कि सैदपुर टोला, बेढ़ना में चार लोगों की अचानक तबीयत खराब हो गई है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाया गया। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए और मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक, शवों में ऐसी गंध महसूस हुई जो सामान्य शराब से अलग और किसी रासायनिक पदार्थ के मिश्रण की आशंका पैदा करती है। हालांकि मौत किस जहरीले पदार्थ से हुई, इसका अंतिम जवाब अभी सामने नहीं आया है।सबसे बड़ा सवाल यही है आखिर शराब में ऐसा कौन सा केमिकल मिला था, जिसने महज कुछ सेकेंड में चार जिंदगियां छीन लीं? क्या यह कोई बेहद घातक जहरीला पदार्थ था या शराब में मिलाया गया कोई रासायनिक कंपाउंड? इन सवालों का जवाब अब फॉरेंसिक जांच से मिलेगा। पुलिस ने शराब और अन्य संदिग्ध नमूनों को जांच के लिए भेजा है। FSL रिपोर्ट आने के बाद ही जहरीले पदार्थ की मौजूदगी और उससे मौत होने की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लाली ने पूछताछ में बताया कि मृतकों में से एक व्यक्ति के साथ उसकी बहन के प्रेम-प्रसंग को लेकर उसका पुराना विवाद था। पुलिस इस कथित बयान की जांच कर रही है और इसी विवाद को घटना की वजह मानकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।लेकिन कहानी का दूसरा सिरा कथित अवैध शराब नेटवर्क तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के बीच भटगांव के संजय का नाम चर्चा में है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद से संजय फरार है। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस की जांच जारी है।

स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि संजय कथित तौर पर बाहर से अंग्रेजी शराब मंगवाकर उसमें रासायनिक पदार्थ मिलाता और खाली बोतलों में रीपैकिंग कर बेचता था। इन आरोपों की पुष्टि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस अब फरार बताए जा रहे व्यक्ति की तलाश में छापेमारी कर रही है।इस पूरे मामले ने शराबबंदी वाले बिहार में एक और बेहद गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है जब शराब पर कानूनन पूर्ण प्रतिबंध है, तो अंग्रेजी शराब गांवों तक पहुंच कैसे रही है? अगर अवैध शराब की सप्लाई का नेटवर्क मौजूद है, तो उसके पीछे कौन लोग हैं और इसकी निगरानी व्यवस्था कहां चूक रही है?

बिहार में वर्ष 2016 में पूर्ण शराबबंदी लागू की गई थी। इसके बाद जहरीली देसी शराब से मौतों की कई घटनाएं सामने आती रही हैं। लेकिन इस मामले में कथित तौर पर अंग्रेजी शराब पीने के बाद एक साथ चार लोगों की मौत और बेहद कम समय में तबीयत बिगड़ने की बात ने जांच एजेंसियों को भी गंभीर चुनौती के सामने खड़ा कर दिया है।

फिलहाल साइनाइड या किसी दूसरे घातक जहर की मौजूदगी को लेकर कोई अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक परिस्थितियां भले ही किसी तेज रासायनिक प्रतिक्रिया की ओर इशारा कर रही हों, लेकिन असली राज FSL रिपोर्ट सामने आने के बाद ही खुलेगा।चार लाशें, शराब की संदिग्ध गंध, महज कुछ सेकेंड में मौत का दावा, फरार बताया जा रहा संदिग्ध और गांव में चर्चित अवैध शराब का नेटवर्क—इन तमाम कड़ियों ने बाढ़ की इस घटना को महज चार मौतों का मामला नहीं रहने दिया है। अब निगाहें पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट बताएगी कि गिलास में शराब थी या मौत का ऐसा रासायनिक जाल, जिसने चार जिंदगियों को पल भर में खामोश कर दिया।