Bihar Crime: पारिवारिक रंजिश ने लिया खूनी रंग, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के हाथ में लगी गोली, पुलिस के बयान से उलझा मामला

Bihar Crime: दो परिवारों के बीच चल रही तकरार ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया।...

Nawada Youth Shot While Trying to Stop Family Clash
पारिवारिक रंजिश ने लिया खूनी रंग,- फोटो : reporter

Bihar Crime: दो परिवारों के बीच चल रही तकरार ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया। नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पचगामा गांव में दो परिवारों के बीच चल रही तकरार ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक की पहचान मेसकौर गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि पचगामा गांव में अमर ज्योति कुमार और छोटू कुमार के परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट चल रही थी। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद मामला गरमा गया। इसी दौरान अमर ज्योति कुमार के यहां काम करने वाला सोनू कुमार विवाद शांत कराने के इरादे से मौके पर पहुंचा।

बताया गया कि सोनू दोनों पक्षों को समझाने और झगड़ा रोकने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली का छर्रा सोनू के हाथ में जा लगा। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक छर्रा हाथ को आर-पार कर गया।गोली लगते ही युवक जख्मी होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। घटना में दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से अलग तस्वीर सामने आई है। नेमदारगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को मारपीट की सूचना मिली थी, लेकिन गोली लगने की जानकारी फिलहाल पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर विवाद के दौरान गोली चली या नहीं और अगर गोली चली तो किसने फायरिंग की? पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों, घायलों के बयान और दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज कराया गया है और पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। विवाद की असली वजह और फायरिंग की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दो परिवारों की आपसी तकरार में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के जख्मी होने की इस घटना ने गांव में तनाव बढ़ा दिया है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि विवाद की असल वजह का पता लगाकर पूरे घटनाक्रम की हकीकत सामने लाई जाए।

रिपोर्ट- अमन कुमार