Nawada News: नवादा में महिला ने इश्क के चक्कर में दी जान, पति ने लगाया आरोप, पुलिस ने मोबाइल जब्त कर शुरू की जांच
Nawada News: एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।...
Nawada News: नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के पिथौरी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।
मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय करीना देवी के रूप में हुई है। उनके पति विजय शर्मा ने दावा किया कि उनकी पत्नी शादी के बाद भी कथित तौर पर किसी अन्य युवक से मोबाइल पर बातचीत करती थी। उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और पत्नी को समझाने की कोशिश की, तो उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पति के अनुसार, दोनों की शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी परिवार और मायके पक्ष के लोगों के सामने बात रखी गई थी। उनका दावा है कि करीब एक वर्ष पहले इस संबंध में थाने में शिकायत भी की गई थी, जिसके बाद समझौता हुआ और पत्नी ने दोबारा ऐसा नहीं करने का आश्वासन दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया। पुलिस अब मोबाइल की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल नवादा में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मोबाइल और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने फिलहाल पति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मृतका की मां ने भी कहा कि शादी से पहले बेटी किसी से बात करती थी, लेकिन शादी के बाद उसने बातचीत बंद होने की बात कही थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
रिपोर्ट- अमन कुमार