नवादा में युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, माता-पिता पर मारने का आरोप, बेटी ने हीं खोला ये बड़ा राज

Bihar Crime: एक पिता ने अपनी हीं आत्मजा को जहर देकर मौत के घाट पहुंचा दिया!.....

Nawada Woman Death Sparks Murder Probe Parents Arrested
युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी- फोटो : reporter

Nawada: जिले के धमौल थाना क्षेत्र के बेलकुंडा गांव में 20 वर्षीय पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी मचा दी है। मृतका की बड़ी बहन खुशबू कुमारी ने अपने पिता सोहर यादव और सौतेली मां रिंकू देवी पर पिंकी को कथित तौर पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

खुशबू ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उसके पिता और सौतेली मां ने मिलकर पिंकी को जहर दिया। उसका दावा है कि सौतेली मां पहले से ही पिंकी को कथित तौर पर रास्ते से हटाने की कोशिश कर रही थी। शादी की उम्र होने के बाद पिंकी पर प्रताड़ना बढ़ने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

मामला तब और गंभीर हो गया जब पिंकी की मौत के बाद उसके परिजनों ने दिल्ली में रहने वाली बड़ी बहन को कथित तौर पर सूचना नहीं दी। आरोप है कि परिवार ने शव को श्मशान घाट की जमीन में दफना दिया। जानकारी मिलने के बाद खुशबू ने धमौल पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत की।

थाना प्रभारी हिमांशु कुमार के निर्देश पर पुलिस ने दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव बाहर निकालने के दौरान मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने जहर दिए जाने की आशंका को गंभीरता से लिया।पुलिस ने शव का विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए पटना भेज दिया है। विसरा रिपोर्ट से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि पिंकी की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

करीब 24 घंटे बाद दिल्ली से पहुंची खुशबू को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया। इसके बाद रात में ही गांव में पिंकी का अंतिम संस्कार किया गया।फिलहाल पुलिस ने पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। अब विसरा रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मामले की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है। इन्हीं रिपोर्टों से मौत की असली वजह और लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- अमन कुमार