Bihar Love Affair Mystery: बीवी बनकर रह रही नर्स की रहस्यमयी मौत, जिसके लिए परिवार ढूंढ रहा था दूल्हा, वो जी रही थी दोहरी जिंदगी
Bihar Love Affair Mystery:मोहब्बत का एक छुपा हुआ अफसाना अचानक मौत की दास्तान में तब्दील हो गया। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।...
Bihar Love Affair Mystery: नवादा के नगर थाना इलाके के चौधरी नगर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सनसनी फैला दी है। एक 23 वर्षीय नर्स युवती का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है, लेकिन इस मौत के पीछे की कहानी इश्क, राज और शक के गहरे साए में लिपटी नजर आ रही है। मृतका की पहचान अकबरपुर प्रखंड के बकसंडा गांव निवासी जितेंद्र मांझी की बेटी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। मनीषा एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करती थी और अपने परिवार से दूर शहर में रह रही थी। लेकिन उसकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
मकान मालिक के मुताबिक, मनीषा पिछले छह महीनों से धनबाद के अभिषेक पांडे नाम के एक युवक के साथ पति-पत्नी बनकर रह रही थी। गले में मंगलसूत्र और साथ रहने की कहानी ने इस रिश्ते को और भी पेचीदा बना दिया। हैरत की बात यह है कि मनीषा ने अपने घरवालों को बताया था कि वह चार सहेलियों के साथ रहती है और वहां किसी मर्द का आना-जाना नहीं है।परिवार के मुताबिक, यह महज एक खुदकुशी नहीं बल्कि एक सुनियोजित क़त्ल का मामला हो सकता है। मनीषा के फूफा दूधी मांझी ने खुलासा किया कि दो दिन पहले ही मनीषा ने व्हाट्सएप पर अपनी तस्वीर भेजी थी और परिवार उसकी शादी की तैयारी में लगा था। ऐसे में अचानक मौत की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
शव पर मिले निशान और घटना के बाद युवक का गायब हो जाना शक को और गहरा कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दो महीने पहले मनीषा और अभिषेक के बीच जोरदार झगड़ा भी हुआ था, जिसके बाद मकान मालिक ने उन्हें घर खाली करने की चेतावनी दी थी।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह का कहना है कि यह मामला आत्महत्या है या कत्ल इसकी सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।
इश्क के नाम पर रचा गया यह राज अब एक खौफनाक अंजाम तक पहुंच चुका है, जहां हर सच पर्दे के पीछे छुपा नजर आ रहा है।
रिपोर्ट- अमन कुमार