Bihar Crime: सोती पत्नी पर चाकुओं की बारिश, बचाने दौड़े साले को भी किया लहूलुहान, दहेज की आग में उजड़ा गया परिवार

Bihar Crime: जिस पति ने सात फेरों के वक्त जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी ने सो रही पत्नी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।...

Nawada Crime
सोती पत्नी पर चाकुओं की बारिश- फोटो : reporter

Bihar Crime:  नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुरा गांव में रिश्तों का एक और खौफनाक कत्ल सामने आया है। जिस पति ने सात फेरों के वक्त जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी ने सो रही पत्नी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की चीख सुनकर बचाने पहुंचे साले को भी आरोपी ने चाकू मार दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने फरार आरोपी पति चंद्रमौली सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय पूजा कुमारी के शरीर पर करीब एक दर्जन चाकू के गहरे जख्म मिले हैं, जो हमले की दरिंदगी बयां करते हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल उसका भाई नीतीश कुमार जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। दोनों को आनन-फानन में पावापुरी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीतीश का इलाज जारी है।

मृतका के पिता उपेंद्र सिंह ने दामाद चंद्रमौली सिंह और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी पर 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। चार महीने पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात फिर विवाद बढ़ने पर पुलिस की मदद से पूजा को उसके मायके लाया गया था। देर रात जब वह अपने कमरे में सो रही थी, तभी चंद्रमौली सिंह वहां पहुंचा और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बहन की चीख सुनकर भाई नीतीश बचाने दौड़ा तो आरोपी ने उसके पेट में भी चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया।

पूजा और चंद्रमौली की शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। दोनों की तीन साल की एक बेटी भी है, जिसके सिर से अब मां का साया उठ गया। वारिसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आवेदन के आधार पर हत्या, दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। अब पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की यह वारदात पूर्व नियोजित साजिश थी या अचानक हुए विवाद का खूनी अंजाम।

रिपोर्ट- अमन कुमार