Bihar Crime News: दहेज की दरिंदगी या साजिशन कत्ल? नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा कोहराम, ससुरालियों पर हत्या का इल्जाम
Bihar Crime News: 24 वर्षीय राखी कुमारी का शव उसके ससुराल से बरामद होने के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेरहमी से कत्ल करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
Bihar Crime News: नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत नेमदारगंज थाना क्षेत्र के तेयार गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 24 वर्षीय राखी कुमारी का शव उसके ससुराल से बरामद होने के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेरहमी से कत्ल करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मृतका के दादा वीरेंद्र कुमार निराला का आरोप है कि वर्ष 2023 में राखी की शादी दीपक साव के साथ हुई थी। निकाहनुमा रिश्ते के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर दबाव और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया था। परिजनों का कहना है कि बार-बार समझाने और पंचायत स्तर पर मामला सुलझाने की कोशिशों के बावजूद ससुराल वाले पांच लाख रुपये की मांग पर अड़े रहे।
परिजनों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले राखी के पिता खुद ससुराल पहुंचे थे और हाथ जोड़कर बेटी को परेशान नहीं करने की गुहार लगाई थी। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से एक मुकदमा दर्ज है।
बुधवार को परिवार को खबर मिली कि राखी के साथ फिर मारपीट की जा रही है। कुछ देर बाद सूचना आई कि उसकी मौत हो गई है। मायके वालों का इल्जाम है कि पहले राखी को बेरहमी से पीटा गया, उसका पैर तक तोड़ दिया गया और फिर हत्या को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। उधर, राखी की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पति समेत ससुराल के सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमन कुमार