नवादा में दिल दहला देने वाली घटना, जमीनी विवाद में जमकर हुई चाकूबाजी, युवक को ऐसे बनाया निशाना
Bihar News : नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के तुंगीचक गांव में गुरुवार शाम जमीनी विवाद को लेकर हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, तुंगीचक गांव में जमीन की नापी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुरुवार को जब मंगलदीप कुमार अपनी जमीन पर खुदाई कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर चाकू से हमला कर दिया गया।
घायल के भाई एवं पूर्व समिति सदस्य जलेश चौधरी ने आरोप लगाया कि गुड्डू कुमार, जो शिव कुमार चौधरी के पुत्र हैं, ने मंगलदीप कुमार पर चाकू से हमला किया। परिजनों का कहना है कि हमले में मंगलदीप की नाक पर गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने हिसुआ थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
हिसुआ थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अमन की रिपोर्ट