Bihar Crime News: उत्पाद टीम को देखते ही भागने लगा युवक, पीछा कर पकड़ी गई विदेशी शराब

Bihar Crime News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों के हौसले अब भी बुलंद हैं।...

Nawada Bootlegger Held 4 5 Litres Liquor Seized From Bike
शराबबंदी वाले राज्य में शराब- फोटो : reporter

Bihar Crime News:  बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों के हौसले अब भी बुलंद हैं। नवादा में उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से विदेशी शराब की खेप लेकर आ रहे एक तस्कर को धर दबोचा है। गुप्त मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी में आरोपी पुलिस के शिकंजे से बच नहीं सका। उसके कब्जे से 4.5 लीटर विदेशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को खबर मिली थी कि एक युवक नीले रंग की हीरो ग्लैमर बाइक पर शराब की खेप छिपाकर चफैल जंगल के रास्ते नवादा में दाखिल होने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अकबरपुर थाना क्षेत्र के पंचगामा ओवरब्रिज के समीप जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन का इंतजार शुरू कर दिया।

कुछ ही देर बाद बताये गए हुलिए की मोटरसाइकिल मौके पर पहुंची। उत्पाद टीम को देखते ही चालक के तेवर बदल गए और वह फरार होने की फिराक में बाइक मोड़कर भागने लगा। हालांकि टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन समेत दबोच लिया।

तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 375 एमएल की 12 बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलों पर "For Sale in Jharkhand Only" अंकित था, जिससे साफ हो गया कि शराब झारखंड से तस्करी कर लाई जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार (28 वर्ष), पिता जीवन सिंह, निवासी असाढी, थाना नगर, जिला नवादा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह डूमरकोल मार्ग से झारखंड जाकर शराब खरीदता था और फिर नवादा में उसकी सप्लाई करता था।

उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक मद्य निषेध न्यूटन ने किया। कार्रवाई में सिपाही मोहम्मद इरफान अंसारी और गृह रक्षक सागर कुमार की भी अहम भूमिका रही। विभाग का कहना है कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।

रिपोर्ट- अमन कुमार