Bihar Crime: फोन कर बुलाया, फिर चाकुओं से गोद डाल, नालंदा में युवक का कत्ल, NH पर परिजनों का हंगामा, दो घंटे तक थमी रफ्तार

Bihar Crime: नालंदा जिले में एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ...

Nalanda Youth Murder Sparks NH Protest Traffic Hit for Hours
नालंदा में युवक का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime:  नालंदा जिले में एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इलाज के दौरान युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिहारशरीफ–बख्तियारपुर एनएच-20 पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के चेरन गांव निवासी 37 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी पैथोलॉजी में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे सोनू के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसके बाद वह हरनौत बाजार स्थित शिवाजी मोहल्ला की ओर निकल गया। कुछ देर बाद परिवार को फोन कर बताया गया कि सोनू सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा है और उसके साथ दुर्घटना हुई है।

जब परिजन मौके पर पहुंचे तो पूरा मंजर कुछ और ही था। सोनू के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान थे। उसे गंभीर हालत में पहले कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत किया गया कत्ल है। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-20 जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सूचना मिलते ही हरनौत थाना, चेरो ओपी और बेना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में हेडक्वार्टर डीएसपी तारकेश्वर प्रसाद सिंह और हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस अब इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा  ने बताया कि मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है, वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कातिलों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय