Bihar Crime: रहम की भीख मांगता रहा युवक, बरसते रहे डंडे... राजगीर मॉब लिंचिंग कांड में 3 साधु हिरासत में, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Bihar Crime:मंदिर के समीप हुए चर्चित मॉब लिंचिंग कांड में वायरल वीडियो ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी है।..

Nalanda Three Sadhus Detained
राजगीर मॉब लिंचिंग कांड में 3 साधु हिरासत में- फोटो : social Media

Bihar Crime: नालंदा के राजगीर थाना क्षेत्र स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के समीप हुए चर्चित मॉब लिंचिंग कांड में वायरल वीडियो ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी है। दो युवकों की मौत के बाद जहां मामला पहले से सुर्खियों में था, वहीं अब सामने आए वीडियो ने पुलिस जांच और घटना से जुड़े दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन साधुओं को हिरासत में लिया है, जबकि वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ अन्य संदिग्ध साधु और एक चालक फरार बताए जा रहे हैं।

15 जून को चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से जख्मी दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी पिंटू पासवान और श्रवण कुमार के रूप में हुई थी। दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा चलाते थे।अब सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ ला दिया है। वीडियो में एक युवक जान की भीख मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन भीड़ पर उसका कोई असर नहीं पड़ता। आरोप है कि युवक पर लगातार डंडों की बरसात की जाती रही। वीडियो की भयावह तस्वीरों ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

मृतकों के परिजनों ने शुरू से ही इसे सुनियोजित हत्या बताया था। उनका आरोप है कि दोनों युवकों को साजिश के तहत फंसाया गया और बाद में चोर बताकर मौत के घाट उतार दिया गया। परिजनों का कहना है कि दोनों का किसी आपराधिक गतिविधि से कोई वास्ता नहीं था।दूसरी ओर, मंदिर प्रबंधन की ओर से पहले दावा किया गया था कि पकड़े गए युवकों के साथ मंदिर परिसर में कोई मारपीट नहीं हुई और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया था। लेकिन वायरल वीडियो ने इस दावे को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब पूरे मामले की नई सिरे से जांच में जुट गई है। तीन साधुओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। राजगीर का यह मॉब लिंचिंग कांड अब महज हत्या का मामला नहीं, बल्कि कानून को भीड़ के हाथों में लेने की खौफनाक मिसाल बन गया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती वायरल वीडियो में दिख रहे हर चेहरे की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने की है।



रिपोर्ट- राज पाण्डेय