Bihar Crime: तीन फीट रास्ते के लिए चली गोलियों की बौछार, नालंदा में भूमि विवाद ने लिया हिंसक मोड़, उपसरपंच पर फायरिंग का आरोप, वीडियो वायरल

Bihar Crime: नालंदा में जमीन के महज तीन फीट रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी टकराव की दहलीज तक पहुंच गया।

Nalanda Land Row Turns
तीन फीट रास्ते के लिए चली गोलियों की बौछार- फोटो : reporter

Bihar Crime: नालंदा में जमीन के महज तीन फीट रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी टकराव की दहलीज तक पहुंच गया। रहुई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग और रोड़ेबाजी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, सोंनसा पंचायत के उपसरपंच उमेश यादव पर आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर कई राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि ग्रामीण जीतन यादव ने अपनी जमीन छोड़कर तीन फीट का रास्ता दिया था और उसी स्थान पर दीवार निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, फिर कथित तौर पर गोलियों की तड़तड़ाहट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में किसी को गोली नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं, जो फायरिंग की पुष्टि की दिशा में अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी और नामजद उपसरपंच उमेश यादव अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी तकनीकी जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जमीन के छोटे-से विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बढ़ते भूमि विवाद और उससे उपज रही आपराधिक प्रवृत्तियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय